ग्राम पंचायत भानपुर में लगभग 14 लाख की लागत से निर्मित चेक डैम में अमानक सामग्री का उपयोग
सीईओ बोले- तुड़वाकर इंजिनियर एवं सब इंजिनियर की देख रेख में होगा कार्य
डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)
जनपद पंचायत बजाग की ग्राम पंचायत भानपुर में 14 लाख की लागत से बन रहे चेक डैम में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। निर्माण में डस्ट से मसाला बनाकर अमानक सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। बहते पानी में ही बेस डालकर ढलाई कर दी गई।
लापरवाही की हद
जांच में सामने आया कि चेक डैम का काम अंतिम स्तर पर पहुंच चुका है, लेकिन गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। स्टेक्चर में पानी रोकने के लिए प्लेट लगाने की जगह तक सही तरीके से नहीं बनाई गई है। इससे डैम की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीईओ ने दिए सख्त निर्देश
मामला सामने आने के बाद सीईओ जनपद पंचायत बजाग ने काम रुकवा दिया है। सीईओ का कहना है कि अब कार्य तभी शुरू होगा जब पहले पूरे अमानक स्ट्रक्चर को तुड़वाया जाएगा। साथ ही निर्माण के दौरान इंजीनियर और सब इंजीनियर मौके पर मौजूद रहेंगे। उन्हीं की देखरेख में काम होगा।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
14 लाख की लागत से बन रहे इस चेक डैम से बारिश का पानी रोककर सिंचाई और जल संरक्षण होना था। लेकिन घटिया निर्माण से पहला पानी आते ही डैम बहने का खतरा है। ग्रामीणों ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है
कार्य का निरिक्षण इंजिनियर के साथ जा कर मेरे द्वारा किया गया,चेक डैम निर्माण कार्य को रोक दिया गया, पहले निर्माणाधीन चेक डैम को तोड़ा जाएगा तत्पश्चात इंजिनियर एवं सबइंजिनियर की उपस्थिति एवं देख रेख में कार्य पुनः गुणवत्ता पूर्ण कराया जायेगा।
सचिन अग्रवाल
प्रभारी सी ई ओ जनपद पंचायत बजाग
मेरे द्वारा कार्य का निरिक्षण किया गया, कार्य में रोक लगा दिया गया है, जितना कार्य हो चुका है और जो गड़बड़ी हुई है, उसमे सुधार के बाद ही कार्य कराया जाएगा,अगर बिना जानकारी मनमानी पूर्वक कार्य कराया जाता है तो,उस कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा।
आनंद उइके
सब इंजिनियर जनपद पंचायत बजाग



