डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)-:
महर्षि एंग्लो वैदिक अकादमी एच . एस. सी . स्कूल गाड़ासरई में मंगलवार को सेफ क्लिक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत साइबर सुरक्षा प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त शिक्षकों ने उपस्थित होकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और उन्हें ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रहने के उपाय बताना था। साथ ही विद्यार्थियों को जिम्मेदार डिजिटल नागरिक के रूप में तैयार करना रहा।
इन विषयों पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों एवं शिक्षकों के द्वारा विस्तृत जानकारी देते हुए कहा गया कि,अज्ञात लिंक, ईमेल और SMS पर क्लिक न करें । बैंक/सरकारी संस्था के नाम पर आने वाले फर्जी संदेशों की पहचान। किसी भी परिस्थिति में OTP, पासवर्ड, CVV, UPI PIN किसी से साझा न करें। बैंक कभी भी फोन पर OTP नहीं मांगता। प्रोफाइल को प्राइवेट रखें। अजनबियों से मित्रता अनुरोध स्वीकार न करें। व्यक्तिगत फोटो एवं जानकारी सार्वजनिक न करें। अक्षर, संख्या एवं विशेष चिन्ह युक्त पासवर्ड बनाएं। प्रत्येक अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड रखें और समय-समय पर बदलते रहें। आधार कार्ड, पैन कार्ड, घर का पता, मोबाइल नंबर जैसी संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें।
विद्यार्थियों-शिक्षकों ने ली प्रतिज्ञा
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिज्ञा ली कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
प्राचार्य ने दिए निर्देश
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि, वे इंटरनेट एवं मोबाइल का उपयोग सोच-समझकर करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि, फर्जी कॉल, ठगी या साइबर बुलिंग की जानकारी तुरंत अभिभावकों एवं शिक्षकों को दें।
प्राचार्य ने कहा, “वर्तमान समय डिजिटल युग का है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को साइबर सुरक्षा का ज्ञान देना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के अभियान बच्चों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया
कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी रहा। कई विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें आज पहली बार पता चला कि एक गलत क्लिक या OTP शेयर करने से उनका बैंक खाता खाली हो सकता है। उन्होंने सीखे हुए नियमों को घर में भी लागू करने का संकल्प लिया।



