डिंडौरी(संतोषसिंहराठौर)-: ग्राम पंचायत भाजीटोला में बन रही सीसी रोड में भारी अनियमितता सामने आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि सड़क की लागत और कुल लंबाई कितनी है, इसकी जानकारी तक ग्राम पंचायत सचिव को नहीं है।

ग्राम पंचायत सचिव हृदय सिंह भवेदी ने इस मामले पर पल्ला झाड़ते हुए कहा कि,सीसी रोड के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। सरपंच के द्वारा काम कराया जा रहा है, सरपंच से पूछ लो। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि निर्माण कार्य देखने तक का समय उनके पास नहीं है।तो वहीं इंजीनियर फिरोज खान ने गुरुवार को साइट निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य को मानकों के विपरीत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि,जितनी अभी तक ढलाई हुई है उसे पहली परत माना जाएगा। फिर उतना ही दूसरे लेयर में ढलाई कराया जाएगा, तभी सीसी रोड निर्माण पूरा होगा। अगर मानक पूरे नहीं हुए तो भुगतान नहीं कराया जाएगा और बिना मूल्यांकन भुगतान होने पर वसूली की जाएगी।
मौके पर पाया गया कि सीसी रोड का निर्माण पूरी तरह मानकों के विपरीत हो रहा है। कहीं बोल्डर डाले गए हैं तो कहीं मोटाई 3 इंच और कहीं 4 इंच रखी गई है। ढलाई के दौरान वाइब्रेटर का उपयोग भी नहीं किया जा रहा है।
घटिया निर्माण और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने काम की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई है।



