भाजपा पदाधिकारी पर बच्चों को डराने-धमकाने का आरोप
डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)-:
विकासखंड समनापुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में नियम विरुद्ध अतिथि शिक्षक रखे जाने का मामला गरमा गया है। ग्रामीणों और पालकों ने इसकी शिकायत विधायक और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी से की है।ग्रामवासियों और पूर्व जनपद सदस्य ओमकार सिंह मरकाम द्वारा दी गई शिकायत में प्रभारी प्राचार्य चंद्रभान बनवासी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
क्या है आरोप?
शिकायत के अनुसार –
विद्यालय में विज्ञान विषय में नियमित शिक्षक की पदपूर्ति शासन द्वारा की जा चुकी है, इसके बावजूद प्रभारी प्राचार्य ने अपनी मनमानी करते हुए ग्राम मोहदा निवासी मुकेश खाण्डे को अनाधिकृत रूप से विद्यालय में प्रवेश करा दिया।पालक-शिक्षक संघ की बैठक में पालकों के फर्जी हस्ताक्षर कराकर मुकेश खाण्डे को कृषि संकाय के लिए प्रस्तावित किया गया, जबकि पालक और स्थानीय प्रतिनिधि इससे सहमत नहीं हैं।आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग भोपाल के आदेश क्र. /शिक्षा.4/E 1372212/2026/12453 दिनांक 04.07.2026 के अनुसार अतिथि शिक्षक के पास संबंधित विषय की योग्यता और स्कोर कार्ड होना अनिवार्य है, लेकिन मुकेश खाण्डे के पास कृषि संकाय की कोई योग्यता व स्कोर कार्ड नहीं है।आरोप है कि मुकेश खाण्डे कार्यरत शिक्षकों की अनावश्यक शिकायत करता है और विद्यार्थियों को डराता-धमकाता है, जिससे पालकों और बच्चों में भय का माहौल है।
भाजपा पदाधिकारी होने का रौब?
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति भाजपा पदाधिकारी है और अपने पद का रौब दिखाकर विद्यालय में दबाव बना रहा है।ग्रामीणों ने मांग की है कि नियम विरुद्ध रखे गए अतिथि शिक्षक को तत्काल विद्यालय में प्रवेश से रोका जाएऔर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न किया जाए। शिकायत में चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में कोई घटना-दुर्घटना होती है तो उसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन और प्रभारी प्राचार्य की होगी।
नोट -: प्रभारी प्राचार्य चंद्रभान बनवासी एवं बी आर सी समनापुर मदन सोनवानी से जानकारी लेने फोन लगाया गया लेकिन उन्होंने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा



