डिंडौरी में ढीमर समाज की बैठक संपन्न, एकजुटता और संगठन मजबूती पर लिए गए अहम निर्णय
समाज हित में पांच पंचो का किया गया सर्वसम्मति से चुनाव
डिंडौरी (संतोष सिंह राठौर)-: जिला मुख्यालय स्थित डेम घाट के निषाद राज मंगल भवन में 22 अगस्त 2026 को ढीमर समाज की सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित हुए और समाजहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर एकजुटता के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज को एकजुट और सशक्त बनाना, लोगों में जागरूकता लाना और सामाजिक कार्यों में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। उपस्थित समाजजनों ने कहा कि आपसी समन्वय और सहयोग से ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।
सामाजिक निमंत्रण के लिए वार्डवार जिम्मेदारी तय
सामाजिक कार्यक्रमों में निमंत्रण को लेकर हो रही परेशानियों को देखते हुए वार्डवार जिम्मेदार सदस्यों का सर्वसम्मति से चयन किया गया।जिनमें नर्मदा गंज से समारू बर्मन एवं रिंकू बर्मन,शांति नगर से प्रकाश बर्मन एवं धनेश्वर नंदा,गल्ला गोदाम से संतोष बर्मन एवं प्रकाश बर्मन,पुरानी डिंडौरी से बलराम बर्मन एवं हीरालाल बर्मन,मुलैया टोला से पप्पू बर्मन एवं शंभू बर्मन,सुबखार/रहली मोहल्ला से दुर्गेश बर्मन एवं संतोष बर्मन
ये सदस्य अपने-अपने वार्ड में सामाजिक निमंत्रण की व्यवस्था को व्यवस्थित तरीके से संभालेंगे।
सर्वसम्मति से पांच पंचों का चयन
समाज में आपसी समन्वय और विवादों के समाधान के लिए सर्वसम्मति से पांच पंचों का निर्विरोध चयन किया गया। सोनू बर्मन, गनपत बाबू, बुख्खा भाई, दुर्गेश बर्मन एवं रामगोपाल नंदा को पंच चुना गया।
पंचों के चयन पर समाज के मुखिया सुशील बर्मन और लल्लू बर्मन ने नवनिर्वाचित पंचों को पगड़ी बांधकर स्वागत किया, वहीं समाजजनों ने तिलक लगाकर खुशी जाहिर की।
बैठक के अंत में सभी ने सामाजिक एकता, भाईचारे और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया और लिए गए निर्णयों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया।



