डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)-:सर्व शिक्षा अभियान अंतर्गत विकासखंड समनापुर की प्राथमिक शाला शिकारीटोला भालापुरी के संचालन को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है।
ज्ञात हो कि हाल ही में एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार उक्त शाला का संचालन छप्पर वाले अस्थायी मकान में किया जा रहा था। शाला भवन पूर्व में जर्जर एवं असुरक्षित पाए जाने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अनुमति से करीब एक वर्ष पूर्व गिरा दिया गया था।
इसके पश्चात शाला को नजदीकी हाईस्कूल भवन में संचालित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण ग्रामवासियों ने सहमति नहीं दी।परिणामस्वरूप वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पहले निजी मकान में और बाद में अस्थायी छप्पर बनाकर कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।नए भवन के निर्माण हेतु प्रस्ताव राज्य स्तर पर भेजा गया है, किन्तु अभी स्वीकृति प्राप्त नहीं हो सकी है। इस बीच कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में 9 अप्रैल 2026 को ग्रामवासियों एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शाला का संचालन अस्थायी रूप से गणेशा सिंह के निजी भवन में निःशुल्क किया जाएगा। निर्णय के अनुसार 9 अप्रैल 2026 से प्राथमिक शाला शिकारीटोला भालापुरी की कक्षाएं नए स्थान पर प्रारंभ कर दी गई हैं।
जिला प्रशासन द्वारा बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा नवीन भवन की स्वीकृति हेतु पुनः प्रस्ताव प्रेषित किया जा रहा है।



