विकास खंड डिंडौरी अंतर्गत एकीकृत माध्यमिक शाला मिघरौडी का मामला
डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर )-: विकासखंड डिंडोरी के ग्राम मिघरौडी स्थित एकीकृत माध्यमिक शाला में शिक्षा के नाम पर खुला भ्रष्टाचार सामने आया है। पालक शिक्षक संघ की बैठक नहीं हो रही, बिना सहमति राशि निकाली जा रही है। गरीब छात्रों की साइकिल, गणवेश और छात्रवृत्ति सब पर ग्रहण लग गया है। सवाल पूछने पर PTA और उपसरपंच को स्कूल में घुसने तक नहीं दिया जा रहा।
एकीकृत माध्यमिक शाला मिघरौडी के 6 बड़े घोटाले
तानाशाही,बिना बैठक राशि का आहरण
स्कूल में पालक शिक्षक संघ की बैठक पिछले कई महीनों से नहीं बुलाई गई। आरोप है कि PTA अध्यक्ष की सहमति के बिना ही स्कूल फंड से मनमाने तरीके से राशि का आहरण कर लिया जा रहा है।
साइकिल घोटाला: फ्री के 200 रुपये
दूर गांव से आने वाले छात्र-छात्राओं को शासन की मुफ्त साइकिल आज तक नहीं मिली। लेकिन वितरण के नाम पर हर बच्चे से 200-200 रुपये की अवैध वसूली कर ली गई है।
गणवेश में भेदभाव
गरीब बच्चों की गणवेश में भी गड़बड़ी। कुछ छात्रों को गणवेश मिली, कुछ आज भी बगैर वर्दी के आ रहे हैं। वितरण में पारदर्शिता शून्य।
स्कूल का सामान मैडम के घर
विद्यालय उपयोग के लिए खरीदी गई सामग्री स्कूल में नहीं है। ग्रामीणों और PTA सदस्यों का सीधा आरोप है कि सारी सामग्री मैडम जी अपने घर में उपयोग कर रही हैं।
गैस चूल्हा बना शोपीस, लकड़ी पर बन रहा खाना
मध्यान्ह भोजन के लिए शासन से मिला गैस चूल्हा बंद पड़ा है। बच्चों का खाना आज भी लकड़ी के चूल्हे पर बन रहा है।
छात्रवृत्ति में भी गड़बड़ी
छात्रवृत्ति वितरण में भी अनियमितता की शिकायतें मिल रही हैं। किसे कितनी मिली, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं दिखाया जा रहा।
जानकारी मांगी तो गेट बंद
जब पालक शिक्षक संघ और ग्राम पंचायत के उपसरपंच ने सूची और हिसाब मांगने स्कूल का रुख किया तो उन्हें अंदर आने से रोक दिया गया। सूची दिखाने से साफ इनकार कर दिया गया।PTA सदस्यों का कहना है,ये स्कूल है या किसी की जागीर? जो सवाल करे उसे ही बाहर कर दो।
कड़ी जांच की मांग
ग्रामीणों और पालक शिक्षक संघ ने कलेक्टर डिंडौरी, जिला शिक्षा अधिकारी और CEO जिला पंचायत से मांग की है कि तुरंत जांच टीम भेजकर वित्तीय गड़बड़ी, सामग्री सत्यापन और अवैध वसूली की जांच कराई जाए। दोषी प्राचार्य/संकुल प्राचार्य पर F.I.R. दर्ज कराए जाने की मांग की है।
इनका कहना है
मुझे जब उच्च अधिकारीयों का निर्देश मिलेगा तभी जाँच करने जाऊंगा
नाथूराम झारिया
जनशिक्षक जनशिक्षाकेंद्र शाहपुर
आपके माध्यम से मुझे जानकारी प्राप्त हुई है, मैं कल ही , जनशिक्षक को भेज कर जाँच करा लेता हूँ, जाँच में ज़ो भी तथ्य सामने आएंगे उस पर कार्यवाही की जाएगी।
अरुण कुमार चौबे
बी आर सी डिंडौरी



