DindoriPolitics

जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते बोले- बिरसा मुंडा का जीवन राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को किया याद, जनजातीय समाज के उत्थान के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध

डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)-: जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिंडौरी में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, त्याग, तपस्या, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध लड़ते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों, जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा समाज की अस्मिता व स्वाभिमान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष केवल एक समाज की लड़ाई नहीं था, बल्कि अन्याय और शोषण के विरुद्ध स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना का महान आंदोलन था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिला रही है। बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे नई पीढ़ी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से परिचित हो रही है।

सांसद ने कहा कि आजादी के आंदोलन में टंट्या भील, रानी दुर्गावती, वीर नारायण सिंह, रघुनाथ शाह, शंकर शाह सहित अनेक जनजातीय महापुरुषों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इन वीर सपूतों के बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। जनजातीय संस्कृति, भाषा और परंपराएं भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

ये रहे उपस्थित –

प्रेस वार्ता में शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला महामंत्री सुधीरदत्त तिवारी, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा राकेश सिंह परस्ते, जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती , प्रीतम मरावी, पूर्व विधायक डी.सी. उरेती, जिला मीडिया सहप्रभारी अजय बर्मन, मनोज यादव, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप के. तेकाम सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles