डिंडौरी में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से लगाई गुहार

डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)-:
डिंडौरी में हक की जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर बाउंड्रीवॉल बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर जमीन मुक्त कराने और बंद किए गए रास्ते को खुलवाने की मांग की है।
क्या है मामला
चित्राबाई उर्फ मुन्नी, राममिलन, मल्ली, चमेली और गुड्डी की पैतृक जमीन ग्राम डिंडौरी, प.ह.नं. 067 में खसरा नंबर 262/7/1/4, 262/7/1/5, 262/7/1/6, 262/7/1/7, 262/7/1/8 पर स्थित है। प्रत्येक हकदार के नाम 0.03-0.03 हेक्टेयर जमीन दर्ज है।आरोप है कि सीमा पाठक और सुरेन्द्र सिंह द्वारा लगभग 0.0800 हेक्टेयर यानी 20 डिसमिल जमीन और 10×90 फुट के आम रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसी रास्ते से परिवार अपनी जमीन पर जाता था।
धमकी और दबाव का आरोप
आवेदन में कहा गया है कि जब परिवार ने विरोध किया तो दोनों ने जान से मारने की धमकी दी और पैसे का रौब दिखाया। आरोप है कि सीमा पाठक और सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि “मेरी पहुँच ऊपर तक है, मैं चाहूँ तो तुम्हारी सारी भूमि पर कब्जा कर सकती हूँ, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
ऑनलाइन रजिस्ट्री का दुरुपयोग की आशंका
पीड़ित परिवार ने बताया कि सीमा पाठक भूमि रजिस्ट्री का ऑनलाइन कार्य करती हैं। आशंका जताई गई है कि ऑनलाइन रजिस्ट्री का दुरुपयोग कर उनकी जमीन में छेड़छाड़ की जा सकती है। परिवार ने मांग की है कि खसरा नंबर 262/7/1 में किसी भी रजिस्ट्री का प्रमाणीकरण न किया जाए।
राजस्व रिकॉर्ड में नाम नहीं
आवेदक के अनुसार सीमा पाठक और सुरेन्द्र सिंह का खसरा नंबर 262/7/1 के किसी भी हिस्से में नाम दर्ज नहीं है। न ही उनके पास कोई पट्टा है और न ही राजस्व अभिलेख में उनका नाम है। इसके बावजूद दबंगई से बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जा रहा है।
परिवार की मांग
पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने, बंद रास्ता खुलवाने और आरोपियों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के साथ खसरा नंबर 262/7/1/4 से 262/7/1/8 तक की छायाप्रति संलग्न की गई है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।



