डिंडौरी में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल (ब्लैकआउट) आयोजित, 10 मिनट रहा ब्लैकआउट
हवाई हमले से बचाव, सायरन चेतावनी और रेस्क्यू का हुआ पूर्वाभ्यास, घायलों को एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)-: नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला डिंडौरी में शाम 7:30 बजे से 7:40 बजे तक सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल (ब्लैकआउट) आयोजित की गई।
अभ्यास के दौरान हवाई हमले से बचाव, सायरन चेतावनी, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया।
10 मिनट का ब्लैकआउट –
मॉक ड्रिल के दौरान निर्धारित क्षेत्र में 10 मिनट का ब्लैकआउट किया गया। सायरन के माध्यम से नागरिकों को चेतावनी दी गई, बाहरी प्रकाश व्यवस्था बंद कराई गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास कराया गया।
इस दौरान जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एसडीईआरएफ, एनसीसी, सिविल डिफेंस एवं बिजली विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ विभिन्न बचाव एवं राहत गतिविधियां संचालित की गईं।
घायलों का रेस्क्यू –
अभ्यास के दौरान आपात स्थिति में घायल व्यक्तियों को विभिन्न टीमों के समन्वय से तत्काल एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने, सुरक्षित रेस्क्यू करने तथा चिकित्सा सुविधा तक शीघ्र पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
कलेक्टर-एसपी ने दिया मार्गदर्शन –
मॉक ड्रिल के समापन पर पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं टीमों को आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने, विभागीय समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, नागरिकों की सुरक्षा एवं राहत कार्यों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया।
इस अभ्यास से आपातकाल में विभागीय समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों की प्रभावशीलता तथा आमजन में नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
ये रहे उपस्थित –
मॉक ड्रिल में एसडीएम रामबाबू देवांगन, एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम, रक्षित निरीक्षक निखिल कुमार द्विवेदी, अभिनव राय, थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे, कंपनी कमांडर शिवराज पंद्रे, सूबेदार कुंवर सिंह ओलाडी सहित पुलिस बल, होमगार्ड, एसडीईआरएफ, एनसीसी, सिविल डिफेंस, बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पुलिस डिंडौरी ने नागरिकों से अपील की है कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सहयोग करें।



