डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर )-:विकासखंड करंजिया में युवा संसद एवं नशामुक्त युवा अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां भारती की आरती के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी अनघ त्रिवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अभियान से जुड़े सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। लगभग 90 लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
वक्ताओं ने दिया संदेश –
मुख्य अतिथि सक्षम कार्यक्रम जिला प्रबंधक ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा देश के विकास का मुख्य आधार हैं। अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग सकारात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में करें। आत्मसुधार के साथ समुदाय को नशामुक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ब्लॉक समन्वयक भानु प्रताप मरावी ने युवाओं को नशे से दूर रहने की समझाइश देते हुए कहा कि युवा स्वयं नशा न करें और अपने मित्रों, परिवार एवं सामाजिक आयोजनों में भी नशामुक्त वातावरण बनाने की पहल करें।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा पीढ़ी होती है। भारत को विश्व में अग्रणी बनाने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहना आवश्यक है।

समिति के अध्यक्ष सम्भर लाल मरावी ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नशा पारिवारिक कलह, आर्थिक नुकसान एवं सामाजिक समस्याओं का प्रमुख कारण बनता है।
शपथ के साथ हुआ समापन –
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी युवाओं ने स्वयं नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
इस अवसर पर उमेश आर्मी, किरण मरावी, संजू लता धुर्वे, मिथिलेश कुमार चंदेल, रिसोर्स पर्सन हेमलता मरावी, संतोष यादव आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी माय भारत के आर.पी. कुशवाहा द्वारा दी गई।



