CautionDindori

डिंडौरी में बारिश ने तोड़ा वर्षों पुराना रिकॉर्ड: इस साल दो बार डूबा माँ नर्मदा का बड़ा पुल

36 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश, नदी-नाले उफान पर, जोगी टिकरिया पुल सुबह से बंद

बड़े पुल पर 4 घंटे आवाजाही ठप, कई गांवों का संपर्क टूटा

डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर )-: जिले में पिछले 36 घंटे से लगातार जारी मूसलाधार बारिश ने वर्षों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं और माँ नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

इस साल यह दूसरा मौका है जब डिंडौरी में निर्मित माँ नर्मदा पुल दो बार डूबा है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार बारिश ने किस कदर कहर बरपाया है।

क्या थी आज की स्थिति –

जोगी टिकरिया पुल में पानी आ जाने से सुबह से ही डिंडौरी मार्ग पूरी तरह बंद रहा।डिंडौरी का बड़ा पुल भी लगभग 4 घंटे तक आवाजाही के लिए बंद रहा। पुल के ऊपर से पानी बहने लगा था, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन आवाजाही रोकी।
बारिश के चलते कई जनपद मुख्यालयों से गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
ग्रामीण क्षेत्रों में पुल-पुलियों पर पानी भरने से लोग फंसे हुए हैं। खेत खलिहान जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नाले पार करने की कोशिश न करें।

इस वर्ष दो बार टूटा रिकॉर्ड, चिंता बढ़ी

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने वर्षों में ऐसा नजारा नहीं देखा कि नर्मदा पुल एक ही सीजन में दो बार डूब जाए। लगातार हो रही अतिवृष्टि से जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

Related Articles