डिंडौरी(संतोष सिंह राठौर)-:
ग्राम पंचायत मोहत्तरा के पोषक ग्राम चुनपथरी में ग्रामीणों और पशुओं की जिंदगी का सहारा बना एकमात्र तालाब अब मौत का तालाब बन गया है। तालाब का पानी इतना जहरीला हो गया है कि न इंसान नहा सकता है, न पशु पी सकता है। पानी देखकर लगता है जैसे उसमें रंग डालकर हरा कर दिया गया हो।
ग्रामीणों ने कलेक्टर और कमिश्नर के सामने भी समस्या रखी थी, लेकिन महीनों बीत गए, कोई ठोस कदम नहीं उठा।
क्या है समस्या

चुनपथरी गांव का यही एकमात्र तालाब है जिस पर पूरे गांव के लोग और पालतू पशु निर्भर हैं। लेकिन पिछले कई महीनों से तालाब का पानी पूरी तरह खराब हो चुका है।
पानी हरा और बदबूदार
तालाब का पानी गहरे हरे रंग का हो गया है। उसमें से तेज बदबू आती है।
हो रही बीमारियां
ग्रामीणों का कहना है कि इस पानी से नहाने पर खुजली, फोड़े-फुंसी और त्वचा की कई बीमारियां हो रही हैं।
पशु भी कर रहे परहेज
प्यासे पशु भी इस पानी को नहीं पी रहे। अगर कोई पशु मजबूरी में पी लेता है तो वह बीमार पड़ जा रहा है।
चूना डाला, शिविर लगा, लेकिन कुछ नहीं हुआ
ग्रामीणों ने बताया कि पहले समस्या को ठीक करने के लिए तालाब में चूना डाला गया था, लेकिन उससे कोई फायदा नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले गांव में शासन का शिविर भी लगा था जिसमें कलेक्टर और कमिश्नर भी शामिल हुए थे। ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर ले जाकर तालाब की दयनीय स्थिति दिखाई और मदद की गुहार लगाई। लेकिन आश्वासन के बाद भी आज तक कोई कार्य नहीं हुआ।
ग्रामीणों की मांग
अब ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि तालाब के पानी की लैब में जांच कराई जाए और पानी को पीने-नहाने लायक बनाने के लिए तुरंत स्थाई उपचार किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है ये तालाब हमारी जान है। अगर ये खराब हो गया तो हम कहां जाएंगे? बच्चों और पशुओं को बचाने के लिए तुरंत कुछ किया जाए।
प्रशासन से अपेक्षा
गांव वालों को उम्मीद है कि मीडिया में खबर आने के बाद प्रशासन आंख बंद करके नहीं बैठेगा और तालाब की सफाई, गहरीकरण और पानी शुद्धिकरण का काम युद्धस्तर पर शुरू होगा।
इनका कहना है
यह तालाब बहुत पुराना है इसका पानी ख़राब हो चुका है उपयोग करने से नुकसान होता है नहाने से खत्ता, खुजली होता है, मवेशी भी पानी नहीं पीते है और अगर पी भी लेते है, तो बीमार हो जाते है, इसी तरह कलर फुल पानी हमेशा बारह महीना रहता है कभी साफ नहीं होता है।
महेंद्र सिंह धुर्वे
ग्रामीण चुनपथरी
ग्राम पंचायत मोहत्तरा
इस तालाब का पानी ऐसे ही कलर वाला रहता है, जिससे ग्रामीणों, बड़े बुजुर्ग से लेकर बच्चों को खत्ता, खुजली, फोडा, फुंसी अनेक प्रकार की बीमारी होते है, साथ ही कई मवेशी भी यहाँ का पानी पीकर बीमार पड़ते है, कितने मवेशी तो मर भी गए है, हम शासन एवं प्रशासन से मांग करते हैं कि,तालाब के पानी का परीक्षण करा पानी ठीक कराने उचित कार्यवाही की जाए ताकि, स्वछ जल मिल सके।
जीवन सिंह मरावी
ग्रामीण चुनपथरी ग्राम पंचायत मोहत्तरा



