Dindori

शहपुरा पुलिस ने दबोचे सागर के 5 ठग:रुपए दोगुना करने का झांसा देकर करते थे वारदात, दो महिला व तीन पुरुष गिरफ्तार

डिंडौरी जिले की पुलिस ने गुरुवार को ग्रामीणों से धोखाधड़ी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। शहपुरा पुलिस ने बताया कि ये पैसा दोगुना करने का लालच देकर लोगों को ठगते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो महिलाएं व तीन पुरुष हैं।

थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने बताया कि ग्रामीण चंद्रेश कुमार मरावी ने पांच आरोपियों के खिलाफ पैसा कई गुना करने का लालच देकर 1 लाख 20 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2022 में केस दर्ज किया था।

सागर जिले के रहने वाले हैं आरोपी

आरोपी फिर से धोखाधड़ी कर रुपए ऐंठने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपी अंचल धुर्वे (29), हजारी सिंह धुर्वे पिता स्वर्गीय राजा सिंह धुर्वे (20), राम गोंड पिता गुलजार गोंड (23), सुनीता उईके पति वकील उईके (56), बेसमा धुर्वे पति अंचल धुर्वे (35) सभी निवासी ग्राम मगरधा थाना गढ़ाकोटा जिला सागर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 1.2 लाख रुपए लेना और रुपयों की मांग कर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की।

आरोपियों से एक लाख पांच हजार रुपए, दो बाइक, 5 मोबाइल जब्त किए। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय शहपुरा में पेश किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राम भरोसे वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक जुबैर अली, संदीप पटेल, शेख आजाद, प्रधान आरक्षक पंकज सिंह, आदित्य शुक्ला, मनोज पटेल, श्याम तिवारी, अभिषेक पाण्डे, साइबर सेल से मुकेश प्रधान की मुख्य भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button