लोक कल्याणकारी शिविर का आयोजन:DM बोले- आप इलेक्टेड और हम सलेक्टेड दोनों के बीच संवाद जरूरी

गुरुवार 26 जनवरी को अमरपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के खजरी ग्राम पंचायत के माध्यमिक शाला मैदान में लोक कल्याणकारी शिविर और विशेष भोज के कार्यक्रम का आयोजन किया। कल्याणकारी शिविर में 191 ग्रामीणों ने अपनी समस्या बताई, तो वहीं 180 हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद जरूरी
लोक कल्याणकारी शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने मौजूद जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप जनता से चुन कर आए प्रतिनिधि हैं, तो हम परीक्षा पास करके आए हैं। दोनों को मिलकर क्षेत्र का विकास और जनता की समस्या का समाधान करना है, इसलिए दोनों के बीच संवाद होते रहना बहुत जरूरी है। संवाद ना होने से समस्याएं खड़ी हो जाती हैं और विकास कार्य प्रभावित होते हैं।
कलेक्टर ने स्कूल में चखा विशेष भोज
गणतंत्र दिवस के अवसर पर माध्यमिक शाला खजरी में विशेष भोज का आयोजन किया गया था। विशेष भोज में कलेक्टर, एस.डी.एम बलवीर रमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जग्गनाथ मरकाम, एस.डी.ओ.पी आकांक्षा उपाध्याय, जनपद सी.ई.ओ राधेश्याम कुशराम, जनपद अध्यक्ष हंनू सिंह पट्टा, उपाध्यक्ष, सदस्य मालती तिवारी स्कूली छात्राओं ने साथ में भोजन किया।